सब-स्टेशन राख, 16 पंचायतों की बत्ती गुल

हरोली (ऊना)। तहसील मुख्यालय हरोली स्थित विद्युत बोर्ड का 33 केबी सब स्टेशन आग की भेंट चढ़ गया। शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह बताया जा रहा है। क्षेत्र की लगभग 16 ग्राम पंचायतों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। फिलहाल, इसके सुचारु होने की संभावना नहीं है। 24 घंटे तक ग्रामीणों को बिना बिजली के रहना होगा। विद्युत बोर्ड को लगभग 15 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल कर राख हो चुका था। मामले की जानकारी मिलते ही बोर्ड के अधीक्षण अभियंता आबी मैहता सहित अन्य अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने भी मामले के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है।
विद्युत बोर्ड के 33 केवी सब स्टेशन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। इसी दौरान पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। मामले की जानकारी बोर्ड के रक्कड़ कालोनी स्थित मुख्यालय में दी गई, जिसके चलते कंट्रोल रूम से बिजली आपूर्ति बंद की गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्यों में जुट गए। बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता आरबी मैहता ने बताया कि करीब 16 पंचायतों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। बोर्ड कर्मी इसे दोबारा सुचारु करने का प्रयास कर रहे हैं। एक दिन का समय इसमें लग जाएगा। प्रभावित पंचायतों को अन्य क्षेत्रों से जोड़ कर बिजली देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अग्निकांड में लगभग 15 लाख रुपए का नुकसान होने की संभावना है। जल्द ही मामले जांच भी करवाई जाएगी। उधर, एसएचओ हरोली महेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने भी घटना के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts