सगे भाइयों के हत्यारोपी जेल भेजे

जसपुर। जमीनी विवाद के चलते हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी चारों सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ग्राम मकोनिया निवासी स्व. दर्शन सिंह के छह पुत्र थे, जिसमें दो छोटे पुत्र अविवाहित थे। जो मंजीत सिंह उर्फ मित्ता के साथ अपनी माता रजवंत कौर समेत रहते थे। 6 माह पूर्व आरोपी मंजीत ने अपने छोटे भाई रंजीत सिंह व जनरैल सिंह के साथ मिलकर नदी किनारे की चार बीघा खेती की जमीन साढ़े चार लाख में गांव के मंगा सिंह उर्फ साहब सिंह से खरीदी थी। कूटनीति के चलते मंजीत ने उक्त भूमि की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली थी। जब इस बात का पता मृतक रंजीत और जनरैल को चला तो उन्होंने अपने हिस्से की मांग की। भाइयों के विवाद के चलते गांव वालों ने बीती 2 जून को पंचायत रखी। जब वह दोनों भाई पंचायत में नहीं आए तो ग्रामीणों ने बड़े भाई हरदेव सिंह, अवतार सिंह, मंजीत सिंह व सरजीत सिंह ने पूछा तो उन्होंने जवाब दिया कि वह दोनों पैसे लेकर भाग गए हैं। गांव वालों को यह बात कुछ समझ नहीं आयी और उनको शक हुआ कि जिन लोगों ने पंचायत बुलाई वही लोग पंचायत से गायब हैं। बाद में ग्रामीणों ने पुलिस चौकी का घिराव किया और हत्याकांड से पर्दा उठ गया।

Related posts