भुंतर एयरपोर्ट पर फिर नहीं उतर सका विमान

कुल्लू। भुंतर एयरपोर्ट पर एक बार फिर से एयर इंडिया का विमान लैंड नहीं सका। 25 दिन में यह तीसरा मौका है। रविवार को कुल्लू घाटी में धुंध होने विमान को नहीं उतारा जा सका। यह सुंदरनगर से वापस दिल्ली लौट गया है। बताया जा रहा है कि जहाज के न उतर पाने से इसमें सवार करीब 30 यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इधर, कुल्लू से 20 सवारियों को दिल्ली जाना था। एयरपोर्ट अथॉरिटी भुंतर के निदेशक वाईके शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि घाटी में बीते एक सप्ताह से मौसम के खराब रहने से धुंध का प्रकोप अधिक बढ़ गया है। इस कारण से हवाई उड़ानों पर खासा असर पड़ रहा है। उधर, उड़ानों के बार-बार प्रभावित होने से पर्यटन व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। मनाली होटेलियर एसोसिएशन के प्रेस सचिव मोहन सिंह बोकटापा ने कहा कि बीते साल की अपेक्षा इस बार समर सीजन मंदा चल रहा है। धुंध के चलते विमान की लैंडिंग न होने से इसका असर सीजन पर पड़ रहा है। दो और तीन जून को लगातार दो दिन एयर इंडिया का विमान भुंतर एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका था।

Related posts