
ऊना। उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत मलांगड़ के नरूंह गांव में 13 मई 2013 को हुए चोरी के मामले में पुलिस ने आभूषणों की खरीद-फरोख्त के आरोप में गगरेट के सुनार को पकड़ लिया है। रविवार को पुलिस टीम ने एसएचओ बंगाणा रामदास कौशल की अगुवाई में गगरेट कस्बे में दबिश देते हुए सुनार को पकड़ लिया है। इसके साथ ही चोरियों के अन्य मामलों में भी पुलिस को अहम सुराग मिलने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसएचओ रामदास कौशल, एएसआई मेहरदीन, लेडी कांस्टेबल पूनम, कांस्टेबल राजेश कुमार, चालक मुख्य आरक्षी सुरेंद्र कुमार पर आधारित टीम ने गगरेट में रविवार को दबिश देकर सुनार का काम करने वाले अविनाश कुमार उर्फ पप्पा को दबोच लिया। सुनार से 142 ग्राम 120 मिली ग्राम सोना रिकवर किया गया है। जबकि इसी घटनाक्रम में चोरी की गई दो अंगुठियां चोरी की मुख्य आरोपी महिला से बरामद की गई हैं। उक्त महिला भी गगरेट के कलोह की निवासी बताई जा रही है। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि चंचला देवी निवासी नरूंह मलांगड़ ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 13 मई 2013 को उसके घर में पोते के मुंडन समारोह के दौरान उसके घर में चोरी हो गई थी। जिसमें सोने के कई आभूषण चोरी किए गए थे। पुलिस ने आरंभिक छानबीन के दौरान ही आरोपी महिला को पकड़ लिया था। जबकि पुलिस की पूछताछ के दौरान ही महिला ने चोरी की बात कबूल करते हुए सारे घटनाक्रम से पर्दा हटा दिया था। इसी आधार पर रविवार को सुनार को दबोचा गया है। उन्होंने बताया कि वारदात में चोरी किया गया सारा सामान रिकवर कर लिया गया है।
