स्वां नदी में पुलिस की छापामारी

ऊना। जिला पुलिस ने शनिवार देर शाम डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा की अगुवाई में अवैध खनन को रोकने के लिए बाथू क्षेत्र की स्वां नदी में छापामारी की। पुलिस को इस संदर्भ में गुप्त सूचना मिली थी, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने की सूचना खनन माफिया को लग गई और वह मशीनें, टिप्पर और ट्रक लेकर मौके से भाग निकले। जबकि स्वां में उतारे जा चुके ट्रैक्टरों के चालक उन्हें वहीं छोड़ कर मौके से फरार हो गए। पुलिस कर्मचारी डीएसपी सुरेंद्र शर्मा की अगुवाई में आधी रात तक मौके पर डटे रहे, लेकिन कोई भी चालक अपना ट्रैक्टर लेने मौके पर नहीं पहुंचा, वहीं पुलिस कर्मियों ने भी सभी ट्रैक्टरों और ट्रालियों के टायरों की स्वां नदी में खड़े-खड़े ही हवा निकाल दी। डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बंद करने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

Related posts