पकड़ा गया पानी चुराने वाला होटल

शिमला। देवभूमि हिमाचल में कुछ होटल कारोबारी चोरी के पानी से अतिथियों का सत्कार कर रहे हैं। पानी का मासिक बिल बचाने के साथ-साथ नगर निगम के राजस्व को भी चपत लगा रहे हैं। नगर निगम की मुख्यमंत्री आवास से सटे एक होटल के औचक निरीक्षण में इसका खुलासा हुआ है। मेन लाइन में कुंडी लगाकर पानी चोरी करने के आरोप में नगर निगम ने होटल के वैध और अवैध दोनों कनेक्शन काट दिए हैं। जुर्माने की राशि का आंकलन किया जा रहा है। निगम अभियंता विजय गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री आवास और राजभवन के बीच स्थित होटल प्रबंधन पर सभी नियमों को ताक पर रखकर नगर निगम की पानी की मेन लाइन से होटल को कनेक्शन लेने का आरोप है। बताया जा रहा है कि होटल प्रबंधन ने पानी की मेन लाइन में अपनी लाइन जोड़कर पानी चुराया। शिकायत मिलने पर नगर निगम टीम ने मौके का निरीक्षण कर होटल प्रबंधन की इस कारगुजारी का भंडाफोड़ किया। एमसी प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कनेक्शन काट दिए हैं।
………..
परतें उतरेंगी तो कई होंगे बेनकाब
मेन लाइन से पानी की चोरी करने वालों के खिलाफ अगर नगर निगम द्वारा विशेष अभियान छेड़ा जाता है तो कई लोग बेनकाब होंगे। शहर में पेयजल संकट के लिए पानी की पाइपों में लीकेज के साथ-साथ पानी की चोरी होना एक बड़ा कारण है। सैकड़ों लोगों ने सभी नियमों को ताक पर रखकर एमसी की मेन लाइन से अवैध रूप से कनेक्शन लिए हैं। इसका खामियाजा शहर की हजारों की आबादी को राशनिंग के रूप में भुगतना पड़ता है।

Related posts