15 गांवों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित

गलोड़ (हमीरपुर)। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग उपमंडल गलोड़ के अंतर्गत उठाऊ पेयजल योजना गाहलियां में चार दिनों से पानी की पंपिंग नहीं हो पा रही है। पेयजल योजना का ट्रांसफार्मर खराब होने से पेयजल की सप्लाई बाधित हुई है। हालांकि विभाग द्वारा दूसरी योजनाओं से संबंधित क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की जा रही है। इसके बावजूद तीन गांवों में चार दिनों से पानी की बूंद तक नलों से नहीं टपकी है। जबकि एक दर्जन गांवों में नाममात्र आपूर्ति हो रही है। क्षेत्र के लोगों में विभाग के प्रति रोष है।
स्थानीय लोगों में प्रदीप कुमार, सोनू, नितीश कुमार, कुलदीप सिंह, नीलम, प्रकाश चंद, दीपक, राकेश, सुरजीत, अभय, राहुल कुमार आदि का कहना है कि गाहलियां पेयजल योजना चार दिनों से ठप पड़ी हुई है। योजना ठप होने के कारण अंतर्गत आते करीब 15 गांवों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है। हालांकि विभाग द्वारा आनन फानन में गलोड़ खास और कोहलवीं स्कीम से प्रभावित गांवों में पेयजल सप्लाई दी जा रही है लेकिन तीन गांवों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही। तीनों गांवों की करीब दो हजार आबादी प्राकृतिक स्रोतों से पानी लेने को मजबूर है। हालांकि शेष करीब एक दर्जन गांवों में पेयजल आपूर्ति अन्य पेयजल योजनाओं से की जा रही है पर पर्याप्त नहीं है।
उधर, आईपीएच विभाग के एसडीओ गलोड़ जितेंद्र गर्ग का कहना है कि ट्रांसफार्मर के खराब होने से पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है लेकिन कुछेक गांवों में दूसरी स्कीमों से पानी दिया जा रहा है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। विद्युत बोर्ड के एसडीओ विनोद कुमार का कहना है कि नया ट्रांसफार्मर आ गया है। इसे लगाने को करीब डेढ़ किमी का सफर तय करना पड़ेगा। जल्द ही कर्मचारियों को मौके पर भेजकर नया ट्रांसफार्मर लगवा दिया जाएगा।

Related posts