सेवानिवृत्त डाक्टरों की सेवाएं समाप्त करने के आदेश

सुजानपुर (हमीरपुर)। भाजपा सरकार के कार्यकाल में तैनात सेवानिवृत्त चिकित्सकों की सेवाएं प्रदेश सरकार ने समाप्त कर दी हैं। स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से चिकित्सकों के अनुबंध का नवीनीकरण न करके तत्काल रिलीव करने के फरमान जारी किए गए हैं। वीरवार को निदेशालय से फरमान जारी हुए हैं। इसके पश्चात विभिन्न स्थानों पर तैनात चिकित्सकों को रिलीव भी कर दिया गया है। सुजानपुर अस्पताल में भी डाक्टर को रिलीव कर दिया गया है।
भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान चिकित्सकों की कमी को देखते हुए विभाग से सेवानिवृत्त चिकित्सकों की सेवाएं पुन: लेने का निर्णय लिया गया था। तीन साल पहले जून 2010 में रोगी कल्याण समिति के माध्यम से अस्पतालों में अनुबंध आधार पर तैनाती की गई थी। चिकित्सकों का मानदेय 29,500 रुपए प्रतिमाह निर्धारित किया गया था तथा मानदेय प्रदेश सरकार द्वारा जारी किया जाता था। विभागीय जानकारी के अनुसार चिकित्सकों की तैनाती तीन साल के लिए हुई थी लेकिन अब प्रदेश सरकार ने सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया है तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर अनुबंध का नवीनीकरण न कर सेवाएं समाप्त करने को कहा है।
उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी सुजानपुर डा. अर्चना सोनी ने निदेशालय से आदेश प्राप्त होने की पुष्टि की। कहा कि आदेश मिलने के पश्चात अस्पताल में तैनात चिकित्सक को रिलीव कर दिया गया है।

Related posts