
संतोषगढ़ (ऊना)। रेत की कालाबाजारी को रोकने को लेकर पुलिस विभाग ने शिकंजा कस दिया है। शुक्रवार को हरोली थाना से पीएसआई संजीव कुमार के नेतृत्व में संतोषगढ़ पुलिस की गठित टीम ने नाके के दौरान संतोषगढ़-मैहतपुर मार्ग पर तीन टिप्पर, एक ट्रक एवं छह ट्रैक्टरों को अवैध रूप से रेत ले जाने पर कब्जे में लिया। पुलिस टीम ने टिप्परों के चालकों से 11-11 हजार की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की है, जबकि ट्रक चालक से पुलिस ने 13 हजार का जुर्माना वसूल किया है। वीरभद्र चौक पर पीएसआई संजीव कुमार, हेडकांस्टेबल इंद्र कुमार, सुखविंद्र सिंह एवं कमल कृष्ण पर आधारित टीम ने नाके के दौरान सभी वाहनों को पकड़ने में मदद की। डीएसपी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस ने अवैध रूप से टिप्परों में रेत भरकर ले जाने वाले चालकों से 74,280 रुपये का जुर्माना माइनिंग एक्ट के तहत किया है। पुलिस ने कहा कि किसी भी सूरत में अवैध खनन सहन नहीं किया जाएगा। वहीं, बंगाणा पुलिस ने अवैध खनन पर शिकंजा कसते हुए देर रात दो ट्रैक्टरों के चालान काटे हैं। बंगाणा के एसएसओ राम लाल कौशल ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों ट्रैक्टर चालकों से 9320 का जुर्माना वसूला है।
