
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या प्रतिवर्ष घट रही है। बिझड़ी ब्लाक में पिछले वर्ष की तुलना में 300 छात्र कम हुए हैं। जबकि ब्लाक के चार स्कूलों की पहली कक्षा में किसी भी छात्र ने दाखिल नहीं लिया है। स्कूलों में बच्चों की घटती संख्या चिंता का विषय है।
बिझड़ी ब्लाक के तहत प्राथमिक स्कूलों में 3594 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। जबकि पिछले वर्ष छात्रों की संख्या 3894 थी। पिछले वर्ष की तुलना में 300 छात्र कम दाखिल हुए। ब्लाक के सकरोह, ग्यारह ग्रां, लोहारड़ा तथा कलौहण में प्रथम कक्षा में कोई भी छात्र दाखिल नहीं हुआ है। जबकि स्कूलों में छात्रों की संख्या में भी काफी कम है। स्कूलों में बच्चों की घटती संख्या का मुख्य कारण अभिभावकों का निजी स्कूलों की ओर अधिक रुझान माना जा रहा है। सरकारी स्कूलों में अध्यापकों की कमी होना भी माना जा रहा है। कई स्कूलों में पांच कक्षाएं पढ़ाने के लिए मात्र दो अध्यापक तैनात है। ऐसे में बच्चों की संख्या घटना लाजिमी है। अभिभावकों संजीव कुमार, राजेश कुमार, देश राज, प्रवीण कुमार, राकेश कुमार, जितेंद्र कुमार, रमन कुमार, रणजीत कुमार, कमलेश कुमारी, सुनीता कुमारी, अंजना कुमारी, आशा देवी का कहना है कि सरकार को स्कूलों में अध्यापकों की संख्या बढ़ानी चाहिए। तभी शिक्षा में गुणवत्ता आ सकेगी। खंड शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह का कहना है कि स्कूलों में पिछले वर्ष की तुलना में 300 छात्र कम हुए हैं। निजी स्कूलों की ओर रुझान बढ़ने से स्कूलों में छात्रों की संख्या कम हुई है।
