लोनिवि में फील्ड कर्मचारी दफ्तरों में दे रहे सेवाएं

बड़सर (हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग भी फील्ड कर्मचारियों की सेवाएं कार्यालय में लेने में पीछे नहीं रहा है। उपमंडल कार्यालय में एक दर्जन से अधिक बेलदार ड्यूटी दे रहे हैं। जबकि स्थानीय क्षेत्र में सड़कों के रखरखाब के लिए पैचवर्क कार्य भी विभाग ठेके पर करवा रहा है। गर्मियों के मौसम में पैचवर्क का कार्य अधिक किया जाता है। विभाग फील्ड कर्मचारियों की कमी का हवाला देकर पैचवर्क कार्य भी ठेके पर देता है।
सूत्रों की माने तो कई चापलूस कर्मचारी फील्ड में ड्यूटी के बजाए कार्यालयों में सेवाएं देने के जुगाड़ बिठाए बैठे हैं। जबकि कई कर्मचारियों को फील्ड में कार्य करने को बाध्य होना पड़ता है। लोक निर्माण विभाग के कार्यालयों के अलावा अधिकारियों के आवासों, विश्रामगृह, सरकारी वाहनों पर बेलदार कर्मचारियों की सेवाएं ली जा रही हैं। जबकि नियम के तहत उक्त कर्मचारी फील्ड में कार्यरत हैं। बड़सर क्षेत्र में कई सड़कों की हालत काफी बदत्तर हो गई है। विभाग गर्मियों के मौसम में सड़कों का सही रखरखाव तक नहीं कर पाया है।
उपायुक्त ने फील्ड कर्मचारियों को सरकारी कार्यालय में ड्यूटी नहीं लेने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद उपायुक्त के आदेशों की अवहेलना की जा रही है। स्थानीय लोगों विजय कुमार, प्रवीण कुमार, संजीव कुमार, नरेश कुमार, कमल शर्मा, राज कुमार, दिनेश कुमार, अजय कुमार, रमेश कुमार तथा संध्या देवी का कहना है कि बेलदार को फील्ड सेवाएं लेनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को समय पर फील्ड में जांच करनी चाहिए। अधिशासी अभियंता पीसी धीमान ने बताया कि कार्यालय में कर्मचारियों के अभाव के चलते फील्ड कर्मचारियों की ड्यूटी ली जा रही है। उनके रहते किसी भी फील्ड कर्मचारी को दफ्तर में नहीं लगाया गया है। सभी कर्मचारी पहले से ही लगाए गए हैं।

Related posts