
मनाली। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रोहतांग में बर्फ के दीदार को उमड़ रही पर्यटकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक नियंत्रित करने के इंतजाम अब कम पड़ने लगे हैं। समुद्रतल से 13050 फुट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा की वादियों को निहारने के लिए हर रोज हजारों की संख्या में पर्यटक आ रहे हैं। इस कारण मनाली-लेह मार्ग पर घंटों जाम लग रहा है। बुधवार और वीरवार को रोहतांग दर्रा देखने के लिए करीब पांच हजार वाहनों में सैलानी पहुंचे थे। पर्यटक सुबह पांच बजे रोहतांग देखने को निकल रहे हैं और शाम करीब आठ बजे वापस मनाली पहुंच पा रहे हैं।
पर्यटकों का कहना है कि रोहतांग जाने के लिए सिर्फ तीन घंटे का समय लगता है। लेकिन जाम के कारण घंटों वाहनों में ही फंसकर रहना पड़ता है। स्थानीय निवासी विजय कुमार, पर्यावरण विद किशन लाल, अनिल शर्मा, ईश्वर राइक, सुंदर सिंह और चमन लाल ने कहा कि मनाली से रोहतांग के लिए सुबह पांच बजे के बाद भी रात आठ बजे मनाली नहीं पहुंच पा रहे। इस कारण पर्यटकों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। दिल्ली से आए पर्यटक रामकृष्ण, दिले राम, नवजीत और पंजाब के जसप्रीत का कहना है कि उन्हें रोहतांग में जाम से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप ठाकुर ने कहा कि रोहतांग में पर्यटकों को जाम की समस्या के साथ उचित खाद्य सामग्री भी नहीं मिल रही। उन्होंने मांग की कि रोहतांग में पर्यटकों की संख्या को देखते हुए एचपीटीडी के स्टालों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।
