फीस वृद्धि पर भड़का गुस्सा

ऊना। प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बीएड के वर्तमान सत्र के प्रशिक्षुओं की फीस में की गई बढ़ोतरी को लेकर छात्राओं में गुस्सा भड़क उठा है। मामले को लेकर भटोली कॉलेज की बीएड प्रशिक्षुओं ने विवि प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रशिक्षुओं को कालेज प्रबंधन की ओर से हिमाचल विश्वविद्यालय के बीएड फीस बढ़ोतरी का नोटिस दिए जाने पर छात्राओं में गुस्सा भड़क उठा है। छात्राओं में प्रीति नेगी, स्वाति शुक्ला, रिम्मी शर्मा, अनु धीमान, नेहा चौधरी, नेहा वर्मा, चंदन राणा, सोनाक्षी सोनी, देविका शर्मा, पुनीत कौर, विनय जोशी का कहना है कि बीएड का सत्र समाप्त होने वाला है। ऐसे में फीस बढ़ाने का कोई औचित्य ही नहीं है। विवि प्रशासन की ओर से जारी वर्ष 2010 की शिक्षा नीति में यह लिखा गया है कि 2012 में जारी की गई शिक्षा पॉलिसी को दोबारा संशोधित किया गया है, जिसके तहत सत्र 2012 में बीएड छात्राओं से 42,460 रुपए फीस के रूप में लिए गए थे। इसके अतिरिक्त प्रोस्पेक्टस में किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई थी। इसलिए सत्र के अंत में इस प्रकार बढ़ी हुई फीस से सभी बीएड छात्राएं क्रोध में हैं। विवि की ओर से जारी इस नोटिस में यह भी कहा गया है कि यदि सभी बीएड छात्रों द्वारा 15 से 20 जून तक 7150 रुपये जमा नहीं करवाए तो वह छात्रों का परिणाम एवं बीएड डिग्री नहीं देंगे और साथ ही यह भी नोटिस दिया गया है कि 20 जून तक फीस जमा नहीं करवाई जाती है तो 715 रुपये और बढ़ाए जाएंगे। इस संबंध में कालेज प्राचार्य प्रो. केके शर्मा का कहना है कि यह आदेश विवि प्रशासन की ओर से जारी किए गए हैं। कालेज प्रबंधन केवल विवि के आदेशों का पालन कर रहा है।

Related posts