इंसाफ पाने एसपी के दरबार पहुंची महिला

ऊना। बंगाणा क्षेत्र के तहत पड़ती एक पंचायत की निवासी महिला ने मंगलवार को एसपी के दरबार में न्याय के लिए गुहार लगाई है। एसपी खुशहाल शर्मा को दिए शिकायत पत्र में महिला ने क्षेत्र के पांच लोगों पर उसके पति के सिर पर लाठी से वार करके लहूलुहान करने का आरोप जड़ा है। महिला ने गांव की ही तीन महिलाओं सहित पांच लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। बताया कि उसका पति घायल अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती है। महिला ने शिकायत पत्र में कहा है कि इन्हीं में से दो आरोपियों ने पिछले वर्ष भी उनके घर में घुसकर जबरदस्ती करने के अतिरिक्त जाति सूचक टिप्पणियां की थीं। शिकायत पत्र में महिला ने बताया है कि दोनों आरोपियों ने पिछले वर्ष 17 अप्रैल 2012 को देर रात उनके घर में घुस कर दुर्व्यवहार किया था। मामले की शिकायत करने के बाद दोनों आरोपियों ने बंगाणा थाने में लिखित माफी मांगी थी। जिस पर उन्होंने अपनी शिकायत वापस ले ली थी। लेकिन, एक वर्ष बीत जाने के बाद आरोपी व्यक्तियों ने 3 जून की रात को उसके पति पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप ये घायल हो गया। उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया गया है। महिला की शिकायत सुनने के बाद एसपी खुशहाल शर्मा ने एसएचओ बंगाणा को मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि समाज में इस प्रकार के असामाजिक कृत्यों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related posts