छात्रों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

टाहलीवाल (ऊना)। राजकीय उच्च विद्यालय बट्ट कलां में मंगलवार को विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में स्कूल के एवर ग्रीन ईको क्लब के नेतृत्व में रैली का आयोजन किया गया। मुख्याध्यापक रूप कुमार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पर्यावरण जागरूकता पर आधारित यह रैली स्कूल परिसर से शुरू होकर पूरे गांव की परिक्रमा करने के बाद स्कूल परिसर में आकर संपन्न हुई। छात्रों ने पॉलीथिन हटाओ-पर्यावरण बचाओ, अधिक से अधिक पेड़ लगाएं, पर्यावरण को सुंदर बनाएं, हरियाली से है जिसका नाता-सुख समृद्धि है उसको भाता एवं पेड़ लगाएं-पर्यावरण को स्वच्छ बनाएं आदि नारे लगाए और हाथों में स्लोगनों की तख्तियां पकड़कर गांव का माहौल हरा-भरा कर दिया। मुख्याध्यापक रूप कुमार ने छात्रों को बताया कि पूरे ब्रह्मांड में केवल पृथ्वी का वातावरण ही जीवन के अनुकूल है। उन्होंने सभी बच्चों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण को बचाने में पूर्ण सहयोग देकर अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक रणजीत कुमार एवं ईको क्लब के इंचार्ज अश्वनी सैणी ने भी वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए बच्चों को प्रेरित किया। इस मौके पर सतपाल, बलवंत सिंह, निर्मला देवी, आशा बेबी एवं पीईटी होशियार सिंह भी मौजूद रहे।

Related posts