
हमीरपुर। विकासखंड टौणीदेवी के अंतर्गत ग्राम पंचायत दाड़ी के घ्राण बूहला गांव में दो माह से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि संबंधित विभाग को समस्या के प्रति अवगत करवाया गया है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
स्थानीय बाशिंदों में कुलदीप, सुरेश, रमेश, अरुण कुमार, दिनेश, रोहित, साहिल आदि लोगों का कहना है कि घ्राण बूहला गांव में दो माह से पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि दो माह से रोजाना आईपीएच विभाग को समस्या के प्रति अवगत करवाया जा रहा है लेकिन अभी तक विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया। गांव के करीब एक सौ परिवार प्रभावित हो रहे हैं। इनमें एक शहीद का परिवार भी शामिल है।
विभाग ने गांव में पेयजल आपूर्ति को सुचारु करने की जहमत नहीं उठाई। गौर रहे कि घ्राण गांव में गगेडी टैंक से पेयजल की आपूर्ति होती है। जबकि घ्राण गांव की टैंक से दूरी करीब तीन किमी है। जब तक पानी तीन किमी दूर स्थित गांव में पहुंचता है तो पानी गांव में नाममात्र का पानी ही पहुंच पाता है जो गत दो माह से बिल्कुल बंद पड़ा है। लोगों ने विभाग से मांग की कि क्षेत्र में पानी की आपूर्ति को नियमित किया जाए और उनके गांव के लिए अलग से टैंक का निर्माण किया जाए जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उधर, आईपीएच विभाग के जेई टौणीदेवी, संतोष कुमार का कहना है कि क्षेत्र में पानी की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
