आदर्श प्राइमरी स्कूल नादौन में पेयजल आपूर्ति ठप

नादौन (हमीरपुर)। सरकार, शिक्षा विभाग, आईपीएच विभाग भले ही जितने बड़े दावे कर ले लेकिन धरातल की हकीकत हो बदल नहीं पाए हैं। सरकारी स्कूलों में बच्चों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। हालात देखिए कि आदर्श प्राथमिक बाल पाठशाला नादौन में नन्हें बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। दोपहर का खाना बनाना मुश्किल हो रहा है। स्कूल में लगाया गया वाटर कूलर खराब पड़ा हुआ है। कारण पानी की टंकी में पानी पहुंच ही नहीं रहा है। स्कूल में करीब 100 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। कभी पानी आता ही नहीं, कभी आता है तो नाम मात्र का प्रेशर होता है। इस कारण पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
केंद्रीय मुख्य शिक्षिका सुलक्षणा कपिल ने बताया पानी की समस्या के कारण काफी परेशानी हो रही है। स्कूल के बाहर लगा हैंडपंप भी अधिकतर खराब रहता है। हैंड पंप का पानी भी खराब होता है जिससे बच्चों के बीमार होने का डर रहता है तथा स्कूल में बच्चों के लिए लगाया गया वाटर कूलर भी सफेद हाथी साबित हो रहा है। पानी की समस्या लगभग 1 माह से चली आ रही है। कई बार विभाग को लिखित तथा मौखिक रूप में समस्या का समाधान करने के लिए कहा है।
अभिभावकों तथा अन्य लोगों संजय, प्रदीप, विजय, कुलदीप, रींकू, बबलू, कृष्ण, गुरदास, चंचला, सुमना, रमना, लीला, मंजू, बबली, स्वर्णा, संतोष, राज कुमारी, नीलम, रंजना, ज्योति तथा पूजा आदि का कहना है कि बच्चों के लिए स्कूल में पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाया जाना चाहिए। विभाग गर्मी के मौसम में स्कूलों में समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करे। प्राथमिक शिक्षक संघ के खंड अध्यक्ष कुशल शर्मा ने बताया कि पेयजल समस्या के लिए स्कूल प्रशासन द्वारा आईपीएच विभाग को सूचित किया जा चुका है लेकिन समस्या का हल नहीं हो पाया है। उधर, एसडीओ उमेश डोगरा ने बताया कि शीघ्र ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

Related posts