
मनाली। जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रायसन के छात्रों ने सोमवार को कुल्लू-मनाली नेशनल हाइवे-21 पर करीब दो घंटे तक ट्रैफिक को रोके रखा। कुल्लू-व्यासर के लिए अतिरिक्त बस सेवा शुरू करने को लेकर धरने पर उतरे विद्यार्थियों ने रायसन में यह जाम लगाया। दोनों ओर से घंटों जाम से उमस भरी गरमी के बीच सैकड़ों यात्री को परेशानी झेलनी पड़ी।
पौने छह बजे मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल प्रबंधन समिति और बच्चों को समझाने के बाद यातायात बहाल करवाया। स्कूल प्रबंधन समिति रायसन के प्रधान सतपाल नेगी ने बताया कि कुल्लू से व्यासर के बीच अतिरिक्त बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर स्कूली बच्चों ने धरना दिया है। इस रूट पर एक सरकारी बस सेवा चलती है लेकिन बच्चों की संख्या अधिक होने से कई बच्चों को पैदल घर जाना पड़ रहा है और वह देरी से अपने घर पहुंच रहे हैं।
उधर करीब दो घंटे तक मार्ग के बंद होने से दोनों ओर दो से तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में आम लोग, सैलानी तथा बीमार लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि मौके पर पहुंची कुल्लू पुलिस ने जाम को खुलवाया। गौरतलब है कि सरकार के स्कूली बच्चों को मुफ्त बस सेवा सुविधा देने के बाद सरकारी बसों में बच्चों की संख्या में एकाएक वृद्धि हो गई है। इससे कई जगह ओवरलोडिंग भी हो रही है।
Share Tweet 0
inShare.
