कैंसर पीड़ित नवीन को मदद की दरकार

टनकपुर। कैंसर रोग से पीड़ित 108 सेवा के संविदा कर्मचारी नवीन चंद्र (32) को उपचार की दरकार है। माली हालत ठीक नहीं होने से उसका परिवार नवीन के उपचार के लिए दर-दर भटक रहा है। फिलहाल परिजन लखनऊ के एक अस्पताल में उसका जैसे-तैसे उपचार करा रहे हैं। उसकी मदद के लिए जागरूक नागरिकों ने धन संग्रह करना शुरू कर दिया है।
शहर के वार्ड संख्या पांच का रहने वाला नवीन चंद्र 108 सेवा में संविदा कर्मी के तौर पर तैनात था। कुछ दिन पूर्व अचानक उसके मुंह में घाव उभर आए। परीक्षण कराने पर उसके कैंसर से पीड़ित होने का पता चला है। परिजन उसे उपचार के लिए लखनऊ ले गए हैं, मगर माली हालत ठीक नहीं होने से उसके उपचार के लिए धन की कमी आड़े आ रहे है। जिंदगी और मौत से जूझ रहे नवीन के परिवार की हालत का पता चलने पर समाजसेवी युवाओं ने उसकी मदद का बीड़ा उठाया है। समाजसेवी मोहित गड़कोटी, सौरभ कलखुड़िया राजू गड़कोटी ने व्यापारियों और नागरिकों की मदद से उसके लिए धन संग्रह शुरू किया है। उन्होंने नवीन के उपचार के लिए लोगों से उसके एसबीआई बैंक खाता संख्या 20015743394 में सहयोग राशि भेज मदद करने का आह्वान किया है।

Related posts