बीएसएनएल की मोबाइल और ब्राडबैंड सेवा ठप

चंपावत/टनकपुर। भारत संचार निगम की मोबाइल तथा ब्राडबैंड सेवा ठप होने से रविवार को पूरे दिन उपभोक्ताओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बीएसएनएल की मोबाइल और ब्राडबैंड सेवा शनिवार को रात नौ बजे से ठप हो गई थी। रविवार को दोपहर बाद एक बजे से करीब तीन घंटे तक सेवा सामान्य रही लेकिन उसके बाद फिर से इसमें व्यवधान आ गया।
मोबाइल और ब्राडबैंड सेवा ठप होने से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी। ब्राडबैंड सेवा ठप होने से इंटरनेट सेवाओं ने भी काम बंद कर दिया। बीएसएनएल की सेवाओं में अक्सर खराबी आने से लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सरकारी क्षेत्र की इस सेवा में हमेशा खराबी आती रहती है, जबकि इसके विपरीत निजी कंपनियों की सेवाओं में इतने लंबे समय तक कभी व्यवधान नहीं आता। निगम के स्थानीय अधिकारियों को सेवा में गड़बड़ी का कारण तक मालूम नहीं था।
टनकपुर में दूर संचार विभाग की ओएफसी लाइन कटने से रविवार को टनकपुर और बनबसा क्षेत्र की संचार सेवा दिनभर ठप रही। लैंडलाइन फोनों के साथ मोबाइल और इंटरनेट सेवा भी ठप रहने से उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बीएसएनएल के उपभोक्ता निजी कंपनियों की संचार सेवा का सहारा लेने को विवश रहे। दूर संचार विभाग के टीटीए दीपक ने बताया कि चकरपुर और बनबसा के बीच ओएफसी लाइन क्षतिग्रस्त होने से संचार सेवा ठप हुई है। उन्होेंने बताया कि हल्द्वानी से विभाग की तकनीकि टीम बुलाई गई है। देर शाम खबर भेजे जाने तक संचार सेवा सुचारु नहीं हो सकी थी।

Related posts