दुष्कर्म का नाबालिग आरोपी भी गिरफ्तार

बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के अंतर्गत नाबालिग लड़की से गैंगरेप के दूसरे नाबालिग आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिवार देर शाम को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को ही पकड़े गए पहले आरोपी को न्यायालय ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। नाबालिग आरोपी को भी तीन दिन के लिए बालगृह ऊना भेजा गया है। बड़सर क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की के साथ दोनों ने दुराचार किया था। पुलिस की मानें तो एक आरोपी नाबालिग होने के कारण पुलिस जल्द बाजी करने से बच रही थी ताकि मामला किसी तकनीकी पेंच में न फंस जाए। नियमों का अध्ययन करने के पश्चात पुलिस ने नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया। दूसरे आरोपी को तलाशने में भी पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। बड़ी वजह पीड़िता के बयानों को लेकर थी। आरोपी का मोबाइल भी निजी कंपनी का था, इस कारण भी ट्रेस करने में समय लग गया। कंपनी की ओर से जानकारी मिलने के बाद पुख्ता होने पर ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। कंपनी से जानकारी मिलने पर कुछ समय अधिक लग गया। उधर, एसपी जगत राम ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मामले के आरोपी को पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया है।

Related posts