टुल्लू पंप लगाने पर 20 के चालान

नादौन (हमीरपुर)। अब टुल्लू पंप लगाया तो समझो खैर नहीं। आईपीएच विभाग ने छापेमारी को तेज कर दिया है तथा एसडीओ स्वयं छापेमारी की कमान संभाले हुए हैं। यानी रंगे हाथ पकड़े गए तो कार्रवाई से बचने की कोई गुंजाइश नहीं होगी। रविवार को सुबह विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान 28 लोगों को टुल्लू पंप चलाते रंगे हाथ धरा। इसके अलावा अन्य उपभोक्ता भी विभाग की निगरानी में आ गए हैं जिन्होंने टुल्लू पंप तो लगा रखा है लेकिन चलाया हुआ नहीं था। विभाग ने उपभोक्ताओं को टुल्लू न चलाने की चेतावनी जारी की। विभाग की टीम ने नादौन शहर में विभिन्न स्थानों पर 20 लोगों तथा जलाड़ी में आठ लोगों को रंगे हाथ पकड़ा। निरीक्षण के दौरान घरों में टुल्लू पंप चल रहे थे।
विभाग ने रंगे हाथ पकड़े गए लोगों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। 20 लोगों के चालान काटकर जुर्माना वसूल किया गया है तथा भविष्य में टुल्लू पंप का प्रयोग न करने की चेतावनी दी गई है। जबकि आठ घरों के पानी के कनेक्शन काटने की तैयारी की जा रही है। विभागीय टीम की छापेमारी से हड़कंप सा मच गया। छापेमारी की सूचना काफी तेजी से फैली लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग टीम की पकड़ में आ ही गए। जबकि कुछ बचने में सफल हो गए। रविवार सुबह एसडीओ उमेश डोगरा के नेतृत्व में टीम ने घर-घर जाकर निरीक्षण किया। लोग सुबह उठे ही थे और उन्हें पता ही नहीं चला कि टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया जा रहा है। जब तक लोग एक दूसरे को सूचित करते तब तक विभाग ने वार्ड नंबर एक, चार और पांच में टुल्लू का अनाधिकृत प्रयोग करने वालों को पकड़ लिया था।
उधर, आईपीएच विभाग के एसडीओ नादौन उमेश डोगरा का कहना है कि छापामारी के दौरान 28 उपभोक्ताओं को टुल्लू पंप का प्रयोग करते पकड़ा गया है। जबकि 20 उपभोक्ताओं के खिलाफ टुल्लू पंप का प्रयोग करने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। कुछ कनेक्शन काटे जाएंगे।

Related posts