पंखे से फंदा लगाकर कारपेंटर ने जान दी

ऊना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती डंगोली में देर रात एक युवक ने फंदे पर झूलकर जान दे दी। युवक की ओर से उठाए गए इस कदम का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने डंगोली पहुंच लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और उसे परिजनों के हवाले कर दिया। देर रात हउई घटना से पूरे गांव में सन्नाटा है। रविवार को युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक युवक विवाहित था, जो अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और मात्र आठ माह के पुत्र को छोड़ गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार डंगोली निवासी व्यक्ति ने शनिवार देर रात कमरे में लगे छत के पंखे से दुपट्टा बांध कर फंदा लगा लिया। सुबह युवक के परिजनों ने उसे उठाने का प्रयास किया तो अंदर से कोई जवाब न मिलने पर उन्हें संदेह हुआ। परिजनों और आस पड़ोस के लोगों ने तुरंत दरवाजा तोड़ कर अंदर का मंजर देखा तो हर कोई हतप्रभ रह गया। संजीव कुमार छत के पंखे के साथ बंधे दुपट्टे के फंदे में झूल रहा था। परिजनों और अन्य लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना पहुंचाया। जहां से पोस्ट मार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया। एसएचओ सदर केएल बैरी ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts