प्रतिभा ने उपलब्धियों पर मांगे वोट

रामपुर बुशहर। मंडी उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने गृहक्षेत्र में चुनाव प्रचार जारी रखते हुए रविवार को यहां की कई पंचायतों का दौरा किया और अपने लिए वोट मांगे। प्रत्याशी ने लोगों को लुभाने के लिए जहां कांग्रेस की उपलब्धियां गिनवाईं तो वहीं भाजपा पर जमकर हमला बोलकर सहानुभूति हासिल करने का प्रयास किया।
रविवार को कांग्रेस प्रत्याशी ने रचोली पंचायत से चुनाव प्रचार शुरू किया। इसके बाद वह पशाड़ा, गौरा, डोबी, दोफदा, मशनू, किन्नू, शाहधार तथा सराहन पहुंचीं और विकास का वास्ता देकर लोगों से अपने लिए वोट मांगे। प्रतिभा सिंह ने कहा कि रामपुर का विकास कांग्रेस की देन है। शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो भी विस्तार हुआ, वह मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रयासों से संभव हो पाया। इसके विपरीत भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में भाजपा हमेशा हाशिए पर रहा। गौरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल का उदाहरण देते हुए प्रतिभा ने कहा कि कांग्रेस ने पूर्व कार्यकाल में यहां भवन बनाने को डेढ़ करोड़ के बजट की व्यवस्था की थी, लेकिन भाजपा सत्ता में रहते इस राशि को व्यय ही नहीं कर पाई। भाजपा शासन में न तो यहां के लोगों को रोजगार मिला और न ही अन्य कार्य हुए। अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है तो रामपुर में विकास में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह कहना गलत है कि उन्होंने पूर्व में सांसद रहते हुए सांसद निधि खर्च नहीं की। उन्होंने कहा कि उन्होंने दस करोड़ रुपये 17 विस क्षेत्रों में बराबर खर्च किए। चाहे तो भाजपाई इंटरनेट में देखकर अपनी तसल्ली कर सकते हैं। कांग्रेस प्रवक्ता संजय मेहता ने बताया कि हर जगह प्रतिभा सिंह का लोगों ने स्वागत किया और चुनाव में समर्थन देने की बात कही। प्रतिभा के साथ चुनाव प्रचार में सीपीएस नंदलाल भी मौजूद रहे।

Related posts