
मनाली। मनाली के मिशन अस्पताल में शनिवार को जागरूकता मेले का आयोजन कर लोगों को सेहत तंदरुस्त रखने के टिप्स दिए गए। मेले में घाटी के करीब दो सौ हार्ट मरीजों का निशुल्क चेकअप भी किया गया।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. फिलिप ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन के सौजन्य से रोगियों का मुफ्त चेकअप किया गया। मेला सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक चला। मेले में मरीजों को निशुल्क चेकअप के अलावा दिल की बीमारी की जानकारी और पहचान के तरीके तथा लक्षण बताए गए।
डाक्टर फिलिप ने कहा कि मनाली घाटी में बढ़ रही दिल के मरीजों की संख्या चिंता का विषय है। फिलिप ने कहा कि 1991 में उन्होंने अस्पताल में काम करना शुरू किया था तो घाटी में एक भी मरीज हार्ट की बीमारी से पीड़ित नहीं पाया था। अब घाटी के लोग इस बीमारी का शिकार होने लगे हैं। डाक्टर ने कहा कि घाटी के लोगों के रहन-सहन और खान-पान में आए बदलाव से यह समस्या बढ़ी है। पहले यह बीमारी 45 साल के व्यक्ति को पकड़ती थी लेकिन अब ऐसा नहीं। कहा कि कुछ मामले ऐसे सामने आए हैं जिसमें 35 साल के व्यक्ति हार्ट अटैक से मौत का शिकार हुए हैं।
