
ऊना। स्थानीय पीजी कालेज के समीप शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में नवविवाहित दंपति घायल हो गया। हादसा उस समय पेश आया जब सिंगल रोड पर चल रहे ट्रैक्टर का टायर फटने से वह सामने से आ रही कार से जा टकराया। हादसे के दौरान ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया। कार में सवार दंपति को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल लाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रक्कड़ कालोनी की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर का टायर फट गया। जिससे वह सामने से आ रही कार से जा टकराया। कार में सवार नवविवाहित जोड़ा हादसे में घायल हो गया। इन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में उपचार दिलाया गया। हादसे के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। जिस कारण मामला दर्ज नहीं किया जा सका। उधर, ट्रैफिक इंचार्ज मनजीत ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों के आपसी समझौते के बाद मामला दर्ज नहीं किया गया है। दंपति की हालात सामान्य है।
