
गगरेट (ऊना)। अज्ञात लुटेरों ने चालक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर इंडिगो कार को उड़ा लिया। पंजाब के होशियापुर-हरयाना मार्ग पर गगरेट के अंबोटा निवासी के साथ हुई वारदात के बाद सनसनी फैल गई है। पंजाब पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पंजाब बॉर्डर पर सिलसिलेवार हो रही लूटपाट की वारदातों से दहशत फैल गई है। टैक्सी चालक विपिन कुमार ने बताया कि देर रात दो पंजाबी युवकों ने गगरेट से टैक्सी किराए पर ली। दोनों ने पंजाब के होशियारपुर के पास जाने की बात कही। वह दोनों युवकों को टैक्सी में बिठाकर होशियारपुर की ओर निकल गया।
जब टैक्सी होशियारपुर-हरयाना रोड पर पहुंची तो टैक्सी में बैठे युवकों ने लघुशंका जाने के बहाने टैक्सी रुकवाई। विपिन बताया कि इसी दौरान पीछे बैठे एक युवक ने उसकी आंखों में अचानक मिर्ची पाउडर डाल दिया। इससे उसकी आंखों में अंधेरा छा गया और दोनों युवक गाड़ी लेकर भाग निकले। बताया जा रहा कि लुटेरे युवकों में से एक युवक 31 मई को पहले सुबह एक युवती के साथ गगरेट से टैक्सी करके होशियारपुर गया था। उसके बाद सांयकाल को वही युवक एक अन्य युवक के साथ पुन: गगरेट से टैक्सी करके गया। इससे पहले भी गगरेट क्षेत्र के साथ लगते पंजाब क्षेत्र में हिमाचलियों के साथ आए दिन लूटपाट की घटनाएं हो चुकी हैं। डीएसपी होशियारपुर दिग्विजय कपिल ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
