
ऊना। उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को राजस्व, पुलिस, उद्योग, लोक निर्माण, आईपीएच और विद्युत बोर्ड के अधिकारियों से बैठक कर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फील्ड के दौरे बढ़ाने एवं विकास कार्यों की मॉनीटरिंग करने की हिदायत दी। आईपीएच अधिकारियों को गर्मियों में जनता को पेयजल की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने और मोबाइल हर वक्त ऑन रखने के भी निर्देश दिए। उद्योगमंत्री ने 50 से अधिक नलकूपों की केबल चोरी होने की घटनाओं पर कड़ा संज्ञान लिया और पुलिस अधिकारियों को केबल चोरों पर नकेल कसने एवं नलकूपों की चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए। विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को यह हिदायत भी दी कि जिन नलकूपों को बिजली आपूर्ति नहीं मिली है, उन्हें विद्युत कनेक्शन देने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। टाहलीवाल में 132 केवी का विद्युत सब स्टेशन तो बन ही रहा है, साथ ही यहां 33 केवी का एक और सब स्टेशन भी बनाया जाएगा। बाथू में निर्माणाधीन 132 केवी सब स्टेशन को 220 केवी करने की योजना स्वीकृति के लिए केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण नई दिल्ली को भेजी गई है और इससे हरोली हलके में विद्युत आपूर्ति और सुदृढ़ होगी। नगनोली से बाथड़ी तक जो नलकूप डीजल से चल रहे हैं, उन्हें विद्युत आपूर्ति देने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अगले दौरे तक भदसाली का रेन शेल्टर बनकर तैयार हो जाना चाहिए। उद्योगमंत्री ने उपायुक्त अभिषेक जैन से विभिन्न राजस्व कार्यों सहित हरोली के जिला अस्पताल, हरोली विधानसभा क्षेत्र में खुलने वाले ट्रिपल आईटी एवं पंडोगा में नए विकसित होने वाले औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया बारे फीड बैक हासिल की और आवश्यक निर्देश भी दिए।
विभिन्न कार्यों को दिए 81 लाख
उद्योगमंत्री ने हरिजन बस्ती ईसपुर से ईसपुर टांडा तक लिंक रोड के निर्माण को 16 लाख, मुहल्ला गब्बे ललड़ी को लिंक रोड से जोड़ने को 22 लाख और मोहल्ला सोफियां से गांव दौलतपुर तक लिंक रोड के लिए 10 लाख देने की घोषणा भी की। बताया कि सीनियर सेकेंडरी स्कूल पंजावर के 25 लाख की लागत से बनने वाले 3 कमरों एवं बरामदे और सीनियर सेकेंडरी स्कूल नंगल खुर्द के 8 लाख की लागत से बनने वाले कमरों के लिए टेंडर लगा दिए गए हैं और ये कमरे जल्द निर्मित किए जाएंगे।
