
दौलतपुर चौक (ऊना)। नगर पंचायत के बाजार में बुधवार को अचानक आग लगने से दो दुकानों सहित ऊपर बनी रिहायश पूरी तरह राख हो गई है। लगभग 17.50 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात्रि साढ़े दस बजे मुख्य चौक पर स्थित सतनाम सिंह एवं संतोष सगे भाइयों की दुकानों में अचानक आग लग गई। जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आग की उठती लपटों के ऊपर बनी रिहायश को भी राख कर दिया। पूरी बिल्डिंग खंडहर बनकर रह गई।
नगर की यह प्रसिद्ध एवं प्राचीन दुकानें थी। इनमें वेल्डिंग के अलावा स्टोव, गैस स्टोव, सिलाई मशीनों की रिपेयर की जाती थी। दुकान मालिक संतोष सिंह ने बताया कि बुधवार रात्रि साढ़े दस बजे वह दुकान बंद करके घर गए थे। कुछ समय बाद ही उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली। आरंभिक अनुमान के मुताबिक आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दुकान के अंदर सिलेंडर होने की वजह से आग बुझाने का साहस कोई न कर पाया,क्योकि सिलेंडर फटने का अंदेशा था। फिर भी मोहन लाल दुकानदार तथा संतोष सिंह इत्यादि ने हिम्मत दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश की। जिसमें मोहन लाल आंशिक रूप से घायल भी हो गए। अंब से फायर ब्रिगेड मंगवाई गई और रात्रि साढ़े बारह बजे आग पर काबू पा लिया गया। उधर, वीरवार सुबह 11 बजे एसडीएम अंब सुखदेव सिंह तथा नपं सचिव सतीश ठाकुर ने घटनास्थल पर पहुंच कर इसका जायजा लिया। पंडित सतनाम सिंह एवं संतोष सिंह को फौरी सहायता के रूप में चार-चार हजार रुपए नकद प्रदान किए गए।
