आज और कल 26 घंटे गुल रहेगी बिजली

शिमला। आधे शहर में वीरवार और शुक्रवार को सुबह छह से शाम सात बजे तक बिजली गुल रहेगी। विद्युत कंपनी द्वारा जतोग सब स्टेशन में ब्रेकर बदलने का काम करने के चलते कट लगाने का फैसला लिया गया है। दो दिन तक 13-13 घंटे तक सप्लाई ठप होने के चलते गर्मी के मौसम में शहरवासियों को भारी परेशानियों से दो-चार होना पड़ेगा। विद्युत कंपनी के डिविजन नंबर दो के अधिकारी ने यहां प्रेस बयान में बताया है कि 132/66/33 केवी सब स्टेशन जतोग में आवश्यक मरम्मत कार्य के लिए वीरवार और शुक्रवार को सुबह छह बजे से शाम सात बजे तक कट लगाने का फैसला लिया गया है।
दो दिन तक आधे शहर में बत्ती गुल रहने के चलते सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों समेत आफिस जाने वाले लोगों को ढेरो दिक्कतों से जूझना होगा। गैस सिलेंडरों की संख्या निर्धारित होने के चलते कई लोगों ने अब इंडक्शन पर खाना बनाकर गैस का विकल्प तलाशा है लेकिन बिजली नहीं होने के चलते ऐसे लोगों को खाने पकाने की समस्या खड़ी होगी। इसके अलावा नहाने के लिए पानी गर्म करने की परेशानी का भी सामना करना होगा।


इन क्षेत्रों में प्रभावित रहेगी सप्लाई
फ्लावर डेल, समिट्री, कसुम्पटी, नवबहार, न्यू शिमला, फारेस्ट कालोनी, आलू पार्क, डूम्मी, पबावो, कनलोग, बैम्लोई, भराड़ी, ईदगाह, लक्कड़ बाजार, माल रोड और रिज।

पानी की आपूर्ति होगी प्रभावित
शहर में दो दिन तक सुबह छह से शाम सात बजे तक विद्युत आपूर्ति ठप रहने के चलते पानी की सप्लाई भी प्रभावित होगी। बिजली नहीं होने के चलते कई क्षेत्रों में पानी के वितरण में भी समस्या पेश आएगी।

बैंकों के कामकाज पर पड़ेगा असर
माल रोड पर अधिकांश बैंकों की शाखाएं स्थित हैं। दो दिन तक माल रोड में भी विद्युत सप्लाई ठप रहेगी। ऐसे में बैंकों के कामकाज पर असर पड़ना संभावित है। एटीएम की सुविधा भी लोगों को मुश्किल से ही मिल सकेगी।

रोटेशन में कट लगाने का करेंगे प्रयास
विद्युत कंपनी के अधीक्षण अभियंता सीके चतुर्वेदी ने कहा कि आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते दो दिन सप्लाई बंद रखने का फैसला लिया गया है। कंपनी का प्रयास रहेगा कि रोटेशन में कट लगाए जाएं। सब स्टेशन के आधुनिकीकरण के चलते यह काम किया जा रहा है।

Related posts