घर का दरवाजा तोड़कर 10 हजार चुराए

मंडी। बल्ह घाटी के ढांगू में चोरों ने एक घर में घुसकर नकदी तथा अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया। शिकायत पर पुलिस ने भादंसं की धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने बीती रात हरी सिंह पुत्र ठाकुर चंद निवासी ढांगू के घर पर वारदात को अंजाम दिया। चोर अंधेरे में घर का दरवाजा तोड़ कर 10,000 की नकदी तथा एक कंप्यूटर और मोबाइल ले उड़े। बुधवार को पुलिस थाना बल्ह पहुंचकर हरि सिंह ने मामले की शिकायत दर्ज करवाई है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उधर, चोरी के एक अन्य मामले में चोर घर के बाहर खड़े किए स्कूटर को ले उड़े। मामला पुलिस थाना सदर के अंतर्गत चडयाना गांव का है। पुलिस को दिए बयान में स्कूटर मालिक कुलदीप सिंह पुत्र कपूर सिंह ने बताया कि उसने बीती रात अपना स्कूटर नंबर एचपी 33-4559 घर के बाहर खड़ा कर रखा था। सुबह जब देखा तो स्कूटर वहां नहीं था। शिकायत पर पुलिस ने भादंसं की धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इधर, उपरोक्त मामलों की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी आरएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए है। छानबीन की जा रही है।

Related posts