
अंब (ऊना)। नंदपुर में लुटेरों ने एक युवक की बुरी तरह पिटाई करने के बाद उसे पुल के नीचे फेंक दिया। आरोपियों ने युवक का दोपहिया वाहन भी पुल से नीचे गिराया। युवक की जेब से मोबाइल और नगदी आदि भी उड़ा ली। मंगलवार देर रात हुई वारदात के बाद बुधवार शाम को होश में आने के बाद पीड़ित युवक ने किसी तरह लोगों से सहायता मांगी। लोगों ने युवक की हालत देखकर एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस में उसे अंब अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रणजीत सिंह निवासी गे दा घट्टा पेशे से चालक है। वह दूध आदि सप्लाई करने का भी काम करता है। मंगलवार देर शाम यह युवक अपने एक दोस्त को घर छोड़ने के लिए बेहड़ जसवां के समीप गया था। वापस लौटते समय वह दोपहिये पर टकारला नंदपुर होकर अंब की ओर आ रहा था। नंदपुर के पास सड़क पर खड़े कुछ युवकों ने इसे रोक लिया। रणजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसे लगा कि उसे रोकने वाले युवक किसी मुसीबत में होंगे। उनके रोकने पर उसने अपना दोपहिया वाहन रोक दिया। इतने में सड़क पर खड़े युवकों ने रणजीत के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने रणजीत की इतनी पिटाई कर दी कि उसकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया। आरोपियों ने मारपीट के बाद उसे पुल से नीचे धकेल दिया। पुल के नीचे से किसी तरह जान बचाने की खातिर वह पास में खाली पड़े मकान के कमरे में घुस गया। बुधवार शाम को होश आने पर रणजीत ने खुद को मकान के कमरे के कोने में फर्श पर पाया। बुधवार शाम को सहायता मांगने पर लोगों ने एंबुलेंस बुलाई और उसे अंब अस्पताल ले जाया गया। रणजीत के चेहरे पर कई घाव हैं। आंखों के ऊपर तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें हैं। डीएसपी अंब मदन लाल कौशन ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि युवक के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। डा. ऊषा दरोच ने कहा कि युवक को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के लिए रेफर किया जा रहा है।
