
थानाकलां (ऊना)। कुटलैहड़ क्षेत्र के रायपुर मैदान के जंगल में बुधवार सुबह अचानक आग भड़क गई। जिससे लाखों की वन संपदा राख हो गई है। रायपुर घटां एवं अपर रायपुर के जंगल में आग से सैकड़ों कनाल भूमि में उगे पौधे एवं वन्य प्राणी नष्ट हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सैकड़ों कनाल भूमि में फैल गई एवं सरकारी एवं निजी भूमि में हजारों बांस के पेड़ आग की भेंट चढ़ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की ओर से लाखों की प्लांटेशन प्रति वर्ष कुटलैहड़ के जंगलों में की जाती है, लेकिन विभाग जंगलों को आग से बचाने में हर वर्ष विफल हो रहा है। ग्रामीणों में प्यारे लाल, महेंद्र सिंह, सोहन लाल, जमीत सिंह, सुखदेव आदि का कहना है कि विभाग को जंगलों को आग से बचाने के लिए पंचायत स्तर पर फायर वाचरों की नियुक्तियां करनी चाहिए। देर शाम तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका था। इस संबंध में विभाग के डिप्टी रेंजर रायपुर पुरुषोत्तम लखनपाल ने बताया कि विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर काबू पाया जा रहा है।
