ट्रिपल राइडिंग पर रोक के निर्देश

ऊना। प्रशासन में कार्यकुशलता लाने के लिए बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्षता डीसी अभिषेक जैन ने की। इस दौरान जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए कारगर यातायात प्रबंधन योजना बनाकर उसे कड़ाई से अमलीजामा पहनाने के डीसी ने आदेश दिए। ओवरलोड वाहनों पर भी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने बिना हेल्मेट दोपहिया वाहन चलाने एवं ट्रिपल राइडिंग से बढ़ रही घटनाओं को लेकर प्रकाशित खबरों पर कड़ा संज्ञान लिया। ऐसा करने वालों के खिलाफ कारगर अभियान चलाने की हिदायत दी। ‘अमर उजाला’ ने हाल ही ट्रिपल राइडिंग पर सीरीज शुरू करके इस मसले को प्रमुखता से उठाया है। जिस पर डीसी ने युवाओं की ओर से गलियों एवं तंग सड़कों में ओवर स्पीड बाइक चलाने की बढ़ रही प्रवृत्ति पर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने जिले के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में सुचारु यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था की स्थिति पर विशेष ध्यान देने के पुलिस विभाग को निर्देश दिए।
उपायुक्त ने परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक और आरटीओ को हिदायत दी कि वे सरकारी एवं निजी बसों के चालकों पर वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, कैसेट या सीडी चलाने एवं सवारियों से बातें करने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाएं। बस चालकों को ड्यूटी के दौरान वर्दी पहनने और नेम प्लेट लगाने के निर्देश भी दिए। डीसी ने इस बात पर भी कड़ा संज्ञान लिया कि बस चालकों की ओर से शार्ट रूट की सवारियों को बस से उतार देने एवं केवल लंबे रूट की सवारियों को ही बस में बैठने देने की शिकायतें बढ़ रही हैं। इससे छोटी दूरी की यात्रा करने वाले यात्री को समस्या हो रही है। उन्होंने निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को इस बारे में वाहन चालकों को हिदायत जारी करने के निर्देश दिए। कहा कि जिले के सभी थानों एवं पुलिस चौकियों में महिला कांस्टेबल हैं। जहां महिला कांस्टेबलों की कमी है, वहां तुरंत तैनाती की जाए।

दफ्तरों में महिलाओं की दुर्दशा पर हंगामा
सरकारी दफ्तरों तथा कार्य स्थलों पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न के मसले पर बैठक में खूब हंगामा हुआ। इस मुद्दे पर उपायुक्त तल्ख नजर आए। हाल में ही जिला मुख्यालय स्थित एक सरकारी दफ्तर में तैनात महिला कर्मी ने सहकर्मी पर दुराचार का आरोप लगाया था। डीसी ने ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी विभागाध्यक्षों को अपने कार्यालयों में कमेटियां गठित करके नोडल अधिकारी तैनात करने को कहा। हर तीन माह में इस कमेटी की बैठक आयोजित करने के कड़े निर्देश भी दिए।

घोषणाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं
उपायुक्त अभिषेक जैन ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी अपने विभाग से संबंधित मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं। साथ ही इस बात को भी यकीनी बनाएं कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। बैठक में एडीसी दर्शन कालिया, ऊना के एसडीएम धनवीर ठाकुर, अंब के एसडीएम सुखदेव सिंह और बंगाणा के एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts