
कोटखाई (शिमला)। यहां के पाल गांव के नाग देवता बुधवार को केदारनाथ की यात्रा पूरी कर अपने मंदिर पहुंचे। गांव पहुंचने पर देवता और उनके साथ यात्रा पर गए देवलुओं का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस यात्रा में देवता के साथ गांव के सोलह देवलु गए थे। देवता और देवलु करीब दस बजे गांव पहुंचे। साढ़े दस बजे नाग देवता की पालकी को विधिवत रूप से मंदिर परिसर में बिठाया गया और उनकी पूजा अर्चना की गई। लंबे समय बाद मंदिर लौटे देवता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे थे। लोगों ने देवता के सम्मुख माथा टेका और उनसे सुखी जीवन का आशीर्वाद लिया। मंदिर कमेटी के भंडारी सुरेंद्र, रामानंद और मंदिर कमेटी के सचिव बालक राम चौहान ने बताया कि ढाई हजार लोगों ने देवता के दर्शन कर उनसे आशीर्वाद लिया।
