
जोशीमठ/घाट/देवाल/नारायणबगड़।। घाट क्षेत्र में भारत संचार निगम की बेस फोन और ब्राडबैंड सेवा पिछले एक माह से ठप पड़ी है। वहीं जोशीमठ क्षेत्र में भी पिछले दो दिनों से ब्राडबैंड सेवा बंद पड़ी है।
स्थानीय निवासी लक्ष्मण सिंह राणा, अवतार सिंह भंडारी, सुरेंद्र नेगी और पंकज सयाना का कहना है कि पिछले एक माह से क्षेत्र में संचार सेवा ठप पड़ी है। इधर, दूरसंचार के उप मंडलीय अभियंता विजयदीप कंडेरी का कहना है कि घाट क्षेत्र में ओएफसी लाइन ठीक करा दी गई थी, लेकिन लोनिवि द्वारा सड़क कार्य के चलते फिर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। दोबारा लाइन को जोड़ा जाएगा।
उधर, देवाल/नारायणबगड़ में कर्णप्रयाग-ग्वालदम और थराली-देवाल मोटर मार्ग पर सुधारीकरण कार्य के चलते निगम की ओएफसी लाइनें लगातार कट रहीं हैं। नारायणबगड़ और देवाल में पिछले पांच दिन से निगम की बेस और मोबाइल सेवा ठप पड़ी है। थराली में भी कई बार सेवा के ठप होने से तहसील में जरूरी प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। एसडीओ बीएस रावत ने बताया कि ओएफसी कटी होने से दिक्कत हो रही है।
