
बनबसा। राज्यपाल डा. अजीज कुरैशी का कहना है कि जल संसाधनों के सही इस्तेमाल से उत्तराखंड विश्व सबसे बेहतर और समृद्ध राज्य बन सकता है। यदि विद्युत का सही इस्तेमाल किया जाए तो उत्तराखंड सोना उगलने लगेगा। दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा की बाध्यता तय की जानी चाहिए।
सोमवार को खटीमा में मुशायरे में शिरकत करने आए राज्यपाल ने एनएचपीसी के गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम किया और मंगलवार की सुबह पत्रकारों से वार्ता में राज्यपाल ने कहा कि राज्य की नदियों पर सही तरह से जल विद्युत के इस्तेमाल से उत्तराखंड सोना उगलने लगेगा। प्रोजेक्ट ऐसे बने जिससे नदियों की पवित्रता बरकरार रह सके। उन्होंने कहा कि सुनियोजित विकास से उत्तराखंड स्विट्जरलैंड से अच्छा पर्यटन स्थल बन सकता है। यहां की भौगोलिक स्थिति के अनुरूप ही पर्यटन को विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने स्वीकारा कि राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा तथा चिकित्सा की स्थिति खराब है, जिसमें सुधार की दिशा में कार्य होना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि पलायन रोकने को राज्य की भौगोलिकता के अनुरूप उद्योग लगाने चाहिए ताकि रोजगार के अवसर बढ़े। उन्होंने कहा कि राज्य के उत्थान के लिए सरकार तथा समाज को साथ मिलकर कार्य करने की जरूरत है।
