
काशीपुर। आखिरकार विधायक को जनता का तहसील का दर्द महीनों बीतने के बाद दिख ही गया। इसलिए विधायक ने तहसील में लगे कंप्यूटर ठीक नहीं होने पर 30 मई को धरना प्रदर्शन करने का मन मना लिया है।
करीब आठ माह से लोग तहसील में खराब पड़े कंप्यूटर ठीक कराने की मांग लगातार उच्चाधिकारियों से करते आ रहे हैं। कभी डीएम तो कभी एडीएम तो कभी एसडीएम। सभी निरीक्षण में कंप्यूटरों के खराब होने से खसरा खतौनी नहीं निकलने की बात लोग और तहसील कर्मचारी कहते आए है। बावजूद इसके अधिकारियों से शीघ्र ही कंप्यूटर ठीक करने का केवल आश्वासन देते हैं। आठ माह बीत जाने के बाद अब विधायक हरभजन सिंह चीमा को जनता का दुख दिखाई दिया है। मंगलवार को विधायक चीमा ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा कि वह 30 मई को एसडीएम आफिस में धरना प्रदर्शन करेंगे। चीमा ने कहा कि स्थानीय प्रशासन के स्तर से कोई कार्यवाही न होने पर उन्होंने संबंधित कंप्यूटर को ठीक कराए जाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री को लिखित एवं मौखिक रुप से अवगत कराया था। लेकिन मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद भी जिला प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
