
खटीमा। श्रीपुर बिचुवा नई बस्ती के ग्रामीणों ने बिजली की समस्या को लेकर कंजाबाग रोड स्थित बिजलीघर पर प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी विद्युत पोल और लो वोल्टेज की समस्या का समाधान जून तक नहीं हुआ तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने छह सूत्रीय मांगपत्र विद्युत उपखंड अधिकारी के न होने पर लाइन मैन को सौंपा।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि श्रीपुर बिचुवा वासियों की बिजली की समस्याओं को देखते हुए एक साल पहले यहां तीन ट्रांसफार्मर लगाने की घोषणा की गई थी, जिसमें जंगल किनारे और गज्जर बस्ती में ट्रांसफार्मर लग गए हैं, लेकिन उनकी नई बस्ती में ट्रांसफार्मर नहीं लग सका है, जिससे उन्हें लो वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने बस्ती की अधूरी लाइन पूरी करने, लकड़ी और टूटे पोल बदलने, वंचित परिवारों को कनेक्शन देने, कम से कम टू फेस लाइन बिछवाने के साथ ही 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में जय बहादुर चंद, भीमराज चंद, भानदेव, दौलत चंद, प्रकाश भट्ट, दलीप चंद, जगदीश चंद, देवी चंद, संतोष चंद, नारायण चंद, गोपाल चंद, पप्पू चंद, चंद्री चंद, भूपाल चंद आदि मौजूद थे।
