बढ़ेड़ा में पेयजल किल्लत, लोग परेशान

नादौन (हमीरपुर)। चेतावनी के बावजूद टुल्लू लगाकर पेयजल का प्रयोग करने वाले परिवारों के खिलाफ मंगलवार को बढ़ेड़ा पंचायत में विभाग ने छापेमारी की। इसमें कुछ लोगाें को टुल्लू सहित पकड़ा गया। आईपीएच धनेटा के जेई राकेश कुमार की नेतृत्व में विभाग की टीम में सुरेश कुमार, गफूर मोहम्मद आदि ने छापेमारी की। इसमें कई लोगों को टुल्लू लगाकर मुख्य लाइन से पानी चुराते पकड़ा गया। आईपीएच विभाग धनेटा के सहायक अभियंता किशोरी लाल ने बताया कि प्राइवेट नल पर लगाए टुल्लू मालिकों को अंतिम चेतावनी देते हुए बिना जुर्माने के छोड़ा गया। यदि अब भी यह व्यक्ति न मानें तो उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्हाेंने बताया कि टुल्लू लगाने से पानी दूसरे नलों में नहीं जा पाता और कई लोगाें को पानी की भारी कमी से जूझना पड़ता है। लोगों को टुल्लू न लगाने की सख्त हिदायतें देते हुए कहा है कि कुछ व्यक्ति मुख्य लाइन को काट कर पानी भरते हैं। पानी की किल्लत होने पर विभाग को शिकायत करना बेहतर विकल्प है परंतु कुछ लोगाें के गलत काम करने से जहां विभाग को दिक्कतें आती हैं वहीं लोगाें को पेयजल की आपूर्ति भी नहीं हो पाती। लोगों से कहा है कि पानी की कमी के चलते पेयजल को सही तरीके से प्रयोग करें। विभाग के साथ सहयोग करें।

Related posts