
पंडोह (मंडी)। पंडोह डैम के पास एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह युवक का शव मिलने से सनसनी फैली गई। पुलिस ने जिला अस्पताल मंडी में शव का पोस्टमार्टम करवा कर इसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस को मौके पर नुवान की दो छोटी बोतलें भी मिलीं। मृतक की पहचान जिला कुल्लू के बारीतूनी गांव निवासी अभिनव शर्मा (18) पुत्र कमलेश कुमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पंडोह डैम कंट्रोल रूम के पास राहगीरों ने युवक को मृत पड़ा देखा। इस बारे में लोगों ने डैम के गार्ड को सूचित किया। गार्ड तत्काल मौके पर पहुंचा और पंडोह पुलिस चौकी को युवक का शव मिलने की सूचना दी। चौकी प्रभारी भीम सैन व मुख्य आरक्षी जगदीश ठाकुर पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक अभिनव शर्मा ने अपनी बाइक संख्या सीएच 01 एबी-2391 को सरोया सड़क पर खड़ी कर रखी थी। पुलिस को युवक के शव के पास से नुवान की दो छोटी शीशी मिलीं। मृतक जमा दो का छात्र था। पुलिस ने घटना के बारे में मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। जिला अस्पताल मंडी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। चौकी प्रभारी भीम सैन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
