
उरला (मंडी)। बीते दिनों जोगिंद्रनगर के नेरी गांव निवासी भूतपूर्व सैनिक के साथ निगम के चालक और परिचालक द्वारा किए गए दुर्व्यवहार मामले के बाद मंगलवार को पधर क्षेत्र में एक अन्य महिला के साथ निगम के कंडक्टर ने दुर्व्यवहार करते हुए महिला को बस से उतार दिया।
निगम के पठानकोट डिपो की मनाली-पठानकोट बस नंबर एचपी 38बी-5246 में पाली से पधर आने के लिए एक महिला रीता देवी पत्नी तीर्थराज बस में सवार हुई। उसने कंडक्टर को पधर की टिकट लेने के लिए सौ रुपये का नोट दिया। ऐसे में खुले पैसे न देने पर निगम का कंडक्टर भड़क गया और महिला से गाली गलौच करने लगा। महिला ने जब इस दुर्व्यवहार का विरोध किया तो कंडक्टर ने उसे माणा के पास बस से नीचे उतार दिया। ऐसे में महिला द्वारा अपने परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी देने के बाद परिजनों ने उरला में शिकायत को लेकर कंडक्टर से कंपलेंट बुक मांगी। इस पर कंडक्टर ने बस में कोई कंपलेंट बुक न होने की बात कही।
महिला के परिजनों सहित स्थानीय ग्रामीणों ने निगम के परिचालक के इस कथित दुर्व्यवहार पर निगम के आलाधिकारियों और परिवहन मंत्री जीएस बाली से कड़ी कार्रवाई अमल में लाने की मांग की है। इस मामले में आरएम पठानकोट सुभाष चंद ने कहा कि उक्त प्रकरण की पूरी जांच करने पर परिचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एचआरटीसी के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस प्रकरण की उचित जांच के आदेश आरएम पठानकोट को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी कंडक्टर को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
