
चंबा। जिला के दर्जनों अंशकालीन जलवाहकों की प्रमोशन लटक गई है। मंडी संसदीय क्षेत्र के उप चुनावों के चलते आचार संहिता लगने के कारण अंशकालिक जलवाहक ों को पदोन्नति के लिए अब लगभग दो महीने तक इंतजार करना पड़ेगा। आचार संहिता के चलते एक माह तक पदोन्नति पर रोक है। इसके बाद बाकी औपचारिकताएं पूरी करने को भी एक माह लग सकता है। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिला भर के स्कूलों में सेवाएं दे रहे दर्जनों अंशकालीन जलवाहक पदोन्नत होंगे। सरकार की ओर से नौ साल का कार्यकाल पूरा कर चुके जलवाहकों को दिहाड़ीदार बनाने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जो अंशकालीन जलवाहक 25 मार्च, 2013 तक नौ साल का सेवाकाल पूरा कर चुके हैं, उन्हें पदोन्नत कर दिहाड़ीदार बनाया जाना है। शिक्षा विभाग की ओर से अंशकालीन जलवाहकों को दस्तावेज जमा करवाने के भी निर्देश दे दिए हैं। इसमें से आधा दर्जन के करीब जलवाहकों की पदोन्नति की कुछ औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। इस बीच मंडी संसदीय सीट के लिए उप चुनाव होने की घोषणा के चलते आचार संहिता लग गई है। इस कारण अब पदोन्नति की सारी औपचारिकताएं 27 जून के बाद ही पूरी हाेंगी। शिक्षा विभाग की ओर से अंशकालीन जलवाहकों की वरिष्ठता सूची तैयार की जा रही है। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि अंशकालीन जलवाहकों को पदोन्नत किया जाएगा। पदोन्नति की सारी प्रक्रिया आचार संहिता के बाद पूरी की जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिला में सैकड़ों अंशकालीन जलवाहक लंबे समय से स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें आज तक दिहाड़ीदार नहीं बनाया गया है। कई अंशकालीन जलवाहक 10-12 साल से स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। सरकार की ओर से ऐसे जलवाहकों को दिहाड़ीदार बनाने का निर्णय लिया गया है। आचार संहिता लगने के कारण जलवाहकों को अब प्रमोशन के लिए और इंतजार करना पड़ेगा।
