
कुल्लू। सड़क, परिवहन, स्वास्थ्य सेवाएं एवं जनहित संघर्ष समिति की बैठक में छत्तीसगढ़ में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की गई। भुट्टी कालोनी में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पूर्व बागवानी मंत्री एवं समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश ठाकुर ने की। बैठक में झीड़ी में हुए सड़क हादसे में मारे गए व्यक्तियों तथा छत्तीसगढ़ में माओ वादियों और आतंकवादियों के हमले में मारे गए नेताओं की आत्मा की शांति के लिए मौन रखा गया। समिति ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि यातायात नियमों पर कठोर कानून बनाया जाए। छत्तीसगढ़ में आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए केंद्र सरकार से कड़े कदम उठाने का आग्रह किया गया। समिति का कहना है कि मंडी लोकसभा उपचुनाव में समिति प्रतिभा सिंह का समर्थन करेगी। इस मौके पर जिप सदस्य प्रेम लता ठाकुर, जनहित संघर्ष समिति के उपप्रधान किशन ठाकुर, हेमंतदास पंथी, अनुराग प्रार्थी, सुखदास नैयर, देवेंद्र नेगी, डोला सिंह महंत, देवी दयाल, शशिपाल सिंह, दीपक ठाकुर, दोत राम, छज्जूराम और प्रदीप ठाकुर सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों ने शिरकत की।
