
ऊना। गर्मी के मौसम में जहां जिले के पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है, वहीं मैदानी क्षेत्रों के लोग भी इस समस्या से अछूते नहीं है। जिले के ग्रामीण अंचलों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी लोगों पर पेयजल किल्लत का संकट भारी पड़ता दिखाई दे रहा है। आईपीएच की लचर व्यवस्थाओं के कारण लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। जिला मुख्यालय से सटे आदर्श नगर में जहां लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है, वहीं शहर के पुलवाला बाजार और फ्रेंड्स कालोनी के नेताजी सुभाष नगर में लंबे समय से चल रही पानी की लीकेज से पेयजलापूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
आदर्श नगर के बाशिंदों में एसपी सिंह, तरसेम लाल, फ्रेंड्स कालोनी के निवासियों में अश्विनी कुमार, रविंद्र नाथ पाठक, विधि चंद, मोहित कुमार, मोहन लाल दहल, राजेंद्र शर्मा, पुलवाला बाजार में रहने वाले खामोश जैतक, मनीष कुमार, आशीष, रजनीश कुमार ने बताया कि विभाग को लोगों तक पानी की सही आपूर्ति पहुंचाने के लिए हर व्यवस्था को चाक चौबंद करना चाहिए। आदर्श नगर में जहां लोग भयंकर गर्मी के मौसम में पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं, वहीं पुलवाला बाजार और फ्रेंड्स कालोनी में पानी बेकार बह रहा है। पुलवाला बाजार में पिछले डेढ़ वर्ष से लीकेज चल रही है। जिसकी किसी ने सुध लेने का प्रयास नहीं किया है। उधर, विभाग के अधिशासी अभियंता मुकेश हीरा का कहना है कि पुलवाला बाजार में चल रही लीकेज को जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा। जबकि आदर्श नगर में पानी की किल्लत और फ्रेंड्स कालोनी में लीकेज के संदर्भ में जल्द ही रिपोर्ट तलब कर समस्याओं को दूर किया जाएगा।
