
ऊना। उपायुक्त अभिषेक जैन ने मंगलवार को सलोह में उद्यान विभाग के फल संतति केंद्र में उद्यान एवं कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके जिला में बागवानी विकास की संभावनाओं का जायजा लिया और योजनाओं की समीक्षा की। कहा कि जिले में बागवानी विकास की अपार संभावनाएं हैं। जिनका दोहन करके यहां के किसान एवं बागवान अपनी आर्थिकी को मजबूत कर सकते हैं। आम एवं नींबू प्रजाति के फलों के उत्पादन में इस जिले ने विशेष पहचान बनाई है और यहां बागवानी गतिविधियों में विविधता लाने की जरूरत है। उन्होंने कृषि एवं बागवानी विभाग के विशेषज्ञों से आह्वान किया कि वे अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी किसान एवं बागवान के खेत तक ले जाएं और उन्हें वैज्ञानिक तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित करें। डीसी ने सलोह फल संतति केंद्र में वर्षा जल एकत्रीकरण के लिए जलाशय बनाने को 5 लाख देने की घोषणा भी की। उन्होंने कृषि एवं बागवानी विशेषज्ञों को ऊना जिले के लिए आगामी पांच साल की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर बागवानी उपनिदेशक महेंद्र सिंह राणा, कृषि उपनिदेशक डा. एचएस राणा, विषय विशेषज्ञ अशोक धीमान, केएल शर्मा, एचआर शर्मा, केके भारद्वाज, जिले के समस्त उद्यान प्रसार अधिकारी उपस्थित रहे।
