
रिकांगपिओ (किन्नौर)। मंडी संसदीय सीट पर होने वाले उप चुनाव के चलते जिला के सभी शस्त्र धारकों को अपने शस्त्र पुलिस थानों में जमा करवाने होंगे। इसके लिए सभी शस्त्र धारकों को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर कै. जेएम पठानिया की ओर से जारी आदेश के अनुसार मंडी संसदीय क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के दौरान जिला में कानून व्यवस्था को कायम रखने और शांतिपूर्ण ढंग से उपचुनाव का कार्य पूरा करवाने के दृष्टिगत क्रिमिनल प्रोसीजर कोड 1973 की धारा 144 के तहत जिला के सभी शस्त्र धारकों को अपने शस्त्र समीप के पुलिस थाने में जमा करवाने को कहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद शस्त्र धारकों को उनके शस्त्र लौटा दिए जाएंगे, लेकिन तब तक सभी को अपने शस्त्र पुलिस के पर जमा करवाने होंगे। उन्होंने कहा कि अगर इसके बाद किसी के पास शस्त्र मिलते हैं तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
