बद्दी-बरोटीवाला के उद्योगों में काम ठप

बद्दी (सोलन)। बद्दी और बरोटीवाला क्षेत्र में तूफान से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। जगह-जगह बिजली की तारों पर पेड़ गिरने से क्षेत्र से सात फीडर बंद हो गए। विद्युत सप्लाई ठप होने से उद्योगों में उत्पादन बंद रहा। साथ ही लोगों को गर्मी से बेहाल होना पड़ा।
बद्दी के बस अड्डे के समीप सफेदे का एक पेड़ तारों पर गिर गया। बरोटीवाला सब स्टेशन के समीप आम क ा पेड़ तारों पर गिरा। इससे 11 केवीए लाइन की तारें टूट गई। बगुवाला में पेड़ एलटी तारों पर गिरने से पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बरोटीवाला में चार व पांच नंबर, आबटेक व यूटी फीडर भी बंद रहे। काठा सब स्टेशन के तहत पांच, 16, 11 नंबर तथा 33 केवी लाइन भी बंद रही। दून के पहाड़ी क्षेत्र पट्टा में भी बिजली बंद रही।
बरोटीवाला क्षेत्र में केबल टूटने से जोहड़ापुर, कुह्लाहाड़ीवाला, मधाला, कालू झिंडा, कुडावाला, कटीवाला, शेरां, कोटियां, सूरजपुर, सतीवाला दामोंवालो, बगुवाला आदि क्षेत्रों में बिजली ठप रही। यहां के भागचंद शर्मा, हुक्म चंद, पंचायत प्रधान माधो राम मेहता ने बताया कि बिजली की सप्लाई ठप होने से लोगों को शाम के समय पानी उपलब्ध नहीं हो पाया। दिन पर बिजली न होने से लोगों ने पेड़ों के नीचे ही दोपहर का समय व्यतीत किया।

बिजली न होने से बद्दी व बरोटीवाला में औद्योगिक क्षेत्र में कामकाज ठप रहा। दोपहर बाद अधिकांश उद्योगों में बिजली न होने से कोई भी काम नहीं हो पाया।
विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता केके बस्सी ने बताया कि तूफान से आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली बाधित रही। तूफान के बाद कर्मचारी बिजली को सुचारु करने में लग गए। दोपहर चार बजे तक बंद पड़े सात फीडरों में चार को चला दिया था। शेष को भी चलाने का प्रयास किया जा रहा है।

पेड़ गिरने से तीन गाड़ियां दबीं
बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर रहा बाधित
तूफान आने से बिजली बोर्ड कार्यालय परिसर बरोटीवाला में आम का पेड़ गिरने से तीन गाड़ियां दब गई। एक गाड़ी फोर्ड फिगो (एचपी-12 डी 1077), मारुति (एचपी 12 बी- 2235) व एक आल्टो (एचपी 12 बी 9760) बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं।
बरोटीवाला पंचायत के उप प्रधान गुरबख्श खन्ना ने बताया कि गंगा राम के घर में गौशाला को नुकसान पहुंचा है। बरोटीवाला व झाड़माजरी में तीन खोखों की छतें उड़ गईं। एक्सपोर्ट पार्क झाड़माजरी में एक ढाबे की छत उड़ गई। बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा। बाद में लोनिवि के कर्मचारियों ने पेड़ को सड़क से हटा कर यातायात को सुचारु किया। बरोटीवाला-हरिपुर मार्ग में जगह -जगह पेड़ गिरने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बद्दी क्षेत्र में राष्ट्रीय मार्ग पर बस स्टैंट के समीप एक सफे दे का पेड़ गिरने से कार को क्षति पहुंची। पेड़ से ट्रक को भी नुकसान पहुंचा है। तहसीलदार विकास शुक्ला ने तूफान से नुकसान की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्र के पटवारियों को प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर भेजने का कहा गया है।

Related posts