
टौणीदेवी (हमीरपुर)। सदर थाना के अंतर्गत कंगरू गांव में एक विवाहिता आग से झुलस गई है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला के मायके वालों ने जलाने का आरोेप लगाया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बोहणी के साथ लगती कंगरू पंचायत की एक विवाहिता आग की चपेट में आ गई। इससे विवाहिता काफी झुलस गई है। विवाहिता ने पहले पुलिस को ब्यान दिया कि वह आग जला रही थी और स्वयं आग की चपेट में आ गई लेकिन बाद में विवाहिता ने अपना ब्यान बदल दिया। विवाहिता के मायके वालों का आरोप है कि विवाहिता के ससुराल वाले उसे तंग करते हैं और गत शनिवार रात भी उसके पति ने उसकी पिटाई की थी। सूचना विवाहिता ने फोन पर मायके में दी थी। इसके चलते मायके वालों ने रविवार को उसके घर आने की बात कही थी। मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी को कमरे में बंद कर मिट्टी का तेल छिड़क कर जलाया गया है। विवाहिता के ब्यान बदलने से पुलिस भी मामले की तह तक नहीं पहुंच पा रही है। विवाहिता की शादी करीब ढाई वर्ष पहले कंगरू में हुई है। विवाहिता का मायका भलेठा, टिक्कर खतरियां में है।
उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
