
हमीरपुर। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक में भाजपा के खिलाफ हमीरपुर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर का पुतला जलाया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हमीरपुर में विकास न करवाने का आरोप लगाया।
जिला अध्यक्ष सौरभ कटोच ने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। सांसद होते हुए हमीरपुर की जनता के मुद्दों को आगे ले जाने में असफल रहे हैं। हमीरपुर की जनता का कोई ख्याल नहीं है। अनुराग फिल्म स्टारों और क्रिकेटरों संग ही व्यस्त हैं। जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। मुंबई और दुबई के दौरों से ही फुर्सत नहीं है। ऐसे में जनता के लिए उनके पास कहां समय होगा। उन्होंने सवाल दागते हुए कहा कि सांसद होने के नाते बेरोजगारों के लिए क्या किया है। कौन सी ऐसी योजना चलाई है, जिसका लाभ बेरोजगारों को मिला है। अनुराग ठाकुर अक्सर क्रिकेट के बारे में बात करते हैं लेकिन हिमाचल की क्रिकेट टीम में पांच खिलाड़ी बाहर के राज्यों से संबंधित है। क्या हिमाचल में क्रिकेट के खिलाड़ियों और हुनर की कोई कमी है।
डिडवीं पंचायत के उपप्रधान आशीष कुमार, एनएसयूआई उपप्रधान राकेश गोल्डी, रोहित कटोच, तरुन कुमार, पंकज कुमार, सौरभ पठानिया, अनिल कुमार, पुष्कर, सुनील कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
